आने वाली ईद मिलादुन्नबी में डीजे पर लगेगा पूर्ण प्रतिबंध: रतलाम में मुस्लिम समाज ने लिया नशामुक्ति और अनुशासन का ऐतिहासिक संकल्प

DJs will be banned during the upcoming Eid Milad-un-Nabi: The Muslim community in Ratlam has taken a historic pledge of de-addiction and discipline

आने वाली ईद मिलादुन्नबी में डीजे पर लगेगा पूर्ण प्रतिबंध: रतलाम में मुस्लिम समाज ने लिया नशामुक्ति और अनुशासन का ऐतिहासिक संकल्प

रतलाम,  शहर के मोचीपुरा चौराहे पर मदरसा फैजान-ए-अहलेबैत एवं मस्जिद चिंगीपुरा कमेटी से जुड़े स्कूली बच्चों द्वारा एक वृहद नशा मुक्ति अभियान आयोजित किया गया। युसरा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी, बरकाती ग्रुप एवं टीम APCR के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में पैर पसार रही नशे की लत के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना तथा युवाओं को शिक्षा और खेलकूद से जोड़ना था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने बेहद प्रभावी ढंग से "नशे को ना, किताब को हाँ" का संदेश दिया और समाज को नशे के शारीरिक, मानसिक व सामाजिक दुष्परिणामों से अवगत कराया।

शहर काज़ी और गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति

इस जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य व विशेष अतिथियों के रूप में शहर काज़ी जनाब अहमद अली साहब, अंजुमन सदर जनाब इब्राहिम शेरानी, यासमीन शेरानी, फ़ैयाज़ मंसूरी, कांग्रेस पार्षद सलीम भाई एवं सब्जी फरोश इलियास रहमानी सहित समाज के अनेक वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एडवोकेट जुबेर खान बरकाती द्वारा किया गया, वहीं इस अवसर पर मस्जिद चिंगीपुरा के इमाम मौलाना नदीम साहब का विशेष इस्तकबाल (स्वागत) भी किया गया।

धार्मिक आयोजनों की गरिमा के लिए ऐतिहासिक संकल्प: डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने नशामुक्त रतलाम के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। इसी कड़ी में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसला लेते हुए उपस्थित समाजजनों व आयोजकों ने निर्णय लिया कि आगामी वर्ष ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मौके पर निकलने वाले जुलूस में डीजे (DJ) को पूरी तरह से प्रतिबंधित रखा जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य धार्मिक जुलूसों की गरिमा और पाकीज़गी बनाए रखना तथा बच्चों को अनुशासित वातावरण प्रदान करना है। अंत में "बच्चों के हाथ में किताब हो, नशे की कोई चीज़ नहीं" के नारे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।